Thursday, March 12, 2015

योगमाया

योगमाया 
आज कंसों से
जरा बचकर दिखाओ !

कृष्ण की
लेकर जगह, उनको
तुम्हीं ने था बचाया,
वास्तव में 
धर्म भगिनी का
बखूबी था निभाया;

भ्रूणहंताओं के 
हाथों से भी
अब तुम पार पाओ ।

जानकी बन
दिवस कितने
कलश में तुमने बिताए,
गांधारी बन
कई जन्मों के 
कर्जे भी चुकाए;

अब जरा 
नौ माह, माँ के 
गर्भ में रहकर बताओ। 

था बहुत आसान
शायद
रक्तबीजों से निपटना,
बाँधकर शिशु पीठ
दोनों हाथ 
अंग्रेजों से लड़ना;

निर्दयी परिवार से
तुम लड़ सको
तो पुनः आओ। 

- ओमप्रकाश तिवारी

जिसका कुर्ता सबसे उज्जर ......

जिसका कुर्ता सबसे उज्जर
पोतो उसे घसीट कर ।
अँगनाई में पानी-पानी
भौजाई ने कीचड़ सानी
बूढ़ा बैठीं मुँह लटकाए
पर बुढ़ऊ में दिखे जवानी
लौंडे मुँह में रंग लगाए
थोड़ी-मोड़ी भंग चढ़ाए
खेल रहे हैं जमकर होली
चढ़े भैंस की पीठ पर ।
लगीं सुबह से अम्मा-काकी
कोई व्यंजन रहे न बाकी
घर वाले खाएं ना खाएं
देनी पड़ती बहुत खुराकी
हफ्ते भर से तैयारी है
गुंझिया-पापड़ की बारी है
आज सुबह से चढ़ी कड़ाही
पूड़ी छने अँगीठ पर ।
काका गाएं सरर कबीरा
सबके मुँह पर पोत अबीरा
दरवाजे पर गुड़ की भेली
उसके बाद पान का बीरा
बने जेठ भी सारे देवर
घूँघट भी दिखलाए तेवर
जब से होली जली रात को
देवी जी के डीठ पर ।
- ओमप्रकाश तिवारी

Wednesday, January 14, 2015

कांपती काया का घर

काँपती काया का घर
...........................
तीन मंजिल
आठ कमरे
कांपती काया का घर,
खेलते
डॉलर में बच्चे
और हम हैं दर-ब-दर।

बैंक में
बैलेंस काफी
पेंशन भी कम नहीं,
है दिया
भगवान का सब
सच में कोई गम नहीं ;

साथ रख
बचपन से पाला
बस उसी नौकर से डर ।

पार्क में
कटती सुबह
हमजोलियों के साथ में,
और दोपहरी
भी एलबम
संग पुरानी याद में ;

रात को
शंकित करे मन
गूँजता खुद का ही स्वर ।

दिन यहाँ होता
तो होती
रात है परदेस में,
प्यार-आदर-फ़िक्र
सिमटे
फ़ोन के संदेश में ;

कौन
इंटरनेट का सीखे
अब बुढ़ापे में हुनर ।

(15 जनवरी, 2015)

Tuesday, January 6, 2015

काश ! अंतस तक पहुंचती ......

ॐ
---
काश !
अंतस तक पहुँचती
उष्मा तेरी किरण की।

क्या फ़रक पड़ता
रहो तुम
उत्तरायण-दक्षिणायण,
हाथ हो रोजी
सुबह की,
रात को रोटी नारायण ;

कामना
हमको नहीं है
भीष्म से पावन मरण की।

तुम मकर में जा रहे हो
तो हुआ
उत्सव हमारा,
हम मकड़जालों में उलझे
ढूंढते
अपना किनारा ;

स्वयं सारे
वस्त्र खोकर
चाह रखते आवरण की।

देव तुम जानो
तुम्हारी गति-दिशा
आवागमन,
चाहते हम सिर्फ
अपनी मति मलिनता
का शमन ;

रुक सके तो
रोक दो गति
आचरण के ही क्षरण की।
- ओमप्रकाश तिवारी

Monday, December 22, 2014

नए वर्ष की अगवानी


नये वर्ष तू बता
किस तरह
करूँ तेरी अगवानी !


जाने कैसे
बदल रहा है
मौसम अपना रंग,
खड़ी फसल पर
ओलों ने फिर
किया रंग में भंग ;

बेमौसम
खेतों में छहरा
पानी ही पानी।

देह बुजुर्गों
की सिकुड़ी है
ओढ़े पड़े रजाई,
सूरज की
हड़ताल चल रही
पड़ता नहीं दिखाई;

सर-सर बहती
हवा कर रही
तन से मनमानी।

जेब गरम है
जिनकी, पहुँचे
शिमला और मनाली,
रैन बसेरे
वालों का क्या
जिनकी जेबें खाली ;

शोर जश्न का
दबा रहा है
मजबूरों की वाणी

( 22 दिसंबर, 2014)

Saturday, December 13, 2014

बचपन

बचपन
..........
छीन लिया खुद
हमने अपने
बच्चों का बचपन,
कभी न बूझा
हमने उनका
निर्मल-अनगढ़ मन।

उगता सूरज
कभी न देखा
न देखी गोधूल,
डेढ़ बरस में
प्लेग्रुप पहुँचे
ढाई में स्कूल;

पाँच बरस में
चश्मा धारे
लगते हैं पचपन।

मेहमानों की आमद
पर तो
बन जाते शो पीस,
एक साँस में
मंत्र सुनाने
पड़ते हैं चालीस;

मम्मी-डैडी
चाहें बेटा
दिखला दे हर फ़न।

न्यूटन के
नियमों से लेकर
कोलंबस की खोज,
क्या-क्या पढ़ें
बिचारे,भारी
बस्ते का ही बोझ ;

कंप्यूटर
का गेम चाटता
है दीमक सा तन।

मम्मी- डैडी
सुबह निकलते
और लौटते शाम,
शहरी घर है
दादी-बाबा
का उसमें क्या काम;

ना वह अँगना
ना वह चंदा
ना लोरी की धुन।
- ओमप्रकाश तिवारी


आर्यपुत्र, कुछ कर दिखलाओ

आर्यपुत्र
कुछ कर दिखलाओ।


लड्डू खाते रामलला को
सीता ने भी नहीं वरा था,
ना ही दशरथपुत्र नाम पर
उनका प्रेमसिंधु उमड़ा था;
वरमाला तो तभी पड़ी जब
वर का शौर्य दिखा सीता को,
और धनुष शिव का खंडित हो
जनक सभा के बीच पड़ा था।

धनुष-वनुष तुम क्या तोड़ोगे
वो युग कबके बीत गए,
जा करके सब्जी ले आओ।

सिय ने एक बार बोला प्रभु
सारंग लेकर दौड़ पड़े थे,
बियाबान की तकलीफों से भी
वह बिल्कुल नहीं डरे थे;
मायामृग की चतुर चाल में
भले राम जी छले गए,
अर्द्धांगिनि का मन रखने में
पर वह पीछे नहीं खड़े थे।

मृगछाला का लोभ बुरा
मैं वो तुमसे न माँग रही,
एक अंगूठी ही ले आओ।

सोचो सिय ने किस मुश्किल से
अपना धर्म निभाया होगा,
दुष्ट दशानन के हाथों से
अपना सत्व बचाया होगा;
वीर राम की छवि उर में ले
और सहारा तिनके का,
पटरानी बनने का ऑफर
रावण को ठुकराया होगा।

कनक भवन वह अवध सरीखा
तुम क्या दिलवा पाओगे,
एक फ्लैट ही बुक करवाओ ।

- ओमप्रकाश तिवारी

(7 दिसंबर, 2014)